बहराइच मेडिकल कॉलेज में ओपीडी के बाहर लगी मरीज व तीमारदारों की भीड़।
बहराइच। पिछले कई दिनों से बारिश के बाद सोमवार को निकली तेज धूप और उमस से मौसम का मिजाज बदल गया। इसके चलते लोग सर्दी, बुखार, शरीर में जकड़न और त्वचा संबंधी समस्याओं की चपेट में आ रहे हैं। सोमवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ रही। दोपहर 12 बजे तक 1940 मरीज ओपीडी में पहुंचे। इनमें बुखार, जकड़न और त्वचा रोग से परेशान मरीजों की संख्या अधिक रही।
मरीजों की संख्या बढ़ने से उन्हें चिकित्सकों को दिखाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। वायरल फीवर के बढ़ते मामलों के बीच पैथोलॉजी में भी जांच कराने वालों की भीड़ रही। मेडिसिन, ईएनटी, नेत्र, हड्डी रोग और चर्म रोग विभाग में मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। चिकित्सकों के कक्ष के बाहर और बरामदों में मरीज व तीमारदार बैठे नजर आए।
मटेरा से इलाज कराने आए जहूर ने बताया कि तेज बुखार के साथ शरीर में जकड़न होने पर वह सुबह 10:30 बजे अस्पताल पहुंचे थे। पर्चा बनवाने और चिकित्सक को दिखाने में दो घंटे से अधिक समय लग गया। हुजूरपुर की कलावती ने बताया कि त्वचा रोग विभाग में चिकित्सक को दिखाने के लिए करीब दो घंटे तक बरामदे में इंतजार करना पड़ा।
सीएमएस डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि कई दिनों तक बारिश के बाद तेज धूप और गर्मी पड़ने से मरीजों की संख्या बढ़ी है। अस्पताल पहुंचे सभी मरीजों का चिकित्सकों ने उपचार कर दवा दी। जरूरत के अनुसार जांच भी कराई गई। उन्होंने लोगों से बदलते मौसम में सावधानी बरतने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की।