बहराइच। शहर के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को नासिर मेहंदी मेमोरियल अंडर-16 जिला क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का फाइनल मुकाबला खेला गया। रुपईडीहा क्रिकेट क्लब ने फ्यूजन क्रिकेट क्लब को 53 रन से हराकर खिताब जीत लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रुपईडीहा की टीम ने सभी विकेट खोकर 144 रन बनाए। दाउद और श्रीकांत ने 26-26 रन का योगदान दिया। फ्यूजन की ओर से अनुज और शाद ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्यूजन क्रिकेट क्लब की टीम 24.5 ओवर में ऑलआउट हो गई। रुपईडीहा की ओर से आपूष और नरेन ने तीन-तीन विकेट झटके। शानदार प्रदर्शन के लिए नरेन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। आर्यन जायसवाल को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और जीशान खान को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के साथ प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का सम्मान मिला।
मुकाबले का उद्घाटन जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) के संस्थापक इशरत महमूद खां ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अकील और रेहान ने अंपायर, जबकि त्रिपुरेश कुमार मिश्र ने स्कोरर की भूमिका निभाई। इस दौरान डीसीए अध्यक्ष अमित ठाकुर, संयुक्त सचिव तौहीद उल्ला खां, सचिव राशिद हुसैन खां और जिला क्रीड़ाधिकारी अब्दुल अहद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।