बहराइच। जिले में अघोषित बिजली कटौती का सिलसिला जारी है। सोमवार की रात जिले के 300 से अधिक गांव बिजली कटौती से प्रभावित रहे। इन गांवों में हर एक से डेढ़ घंटे पर बिजली कटौती की गई। जिससे तीन लाख से अधिक की आबादी परेशान रही। वहीं हजारों लोगों ने जागकर रात गुजारी। शहरी क्षेत्र के भी एक दर्जन से अधिक मोहल्ले ट्रिपिंग की समस्या से जूझते नजर आए। मोहल्ला नाजिरपुरा, अकबरपुरा, ढपालीपुरवा, टिकोरा मोड़, बंजारी मोड़, रायपुर राजा, सरस्वती नगर आदि की हजारों आबादी ट्रिपिंग से परेशान रही और देर रात में लोग सड़क पर टहलते दिखे। लोगों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है।
मिल रही 10 से 12 घंटे बिजली, अधिशाषी अभियंता पर बिफरे विधायक
पयागपुर। क्षेत्र में बीते तीन दिनों से लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। ग्रामीण 10 से 12 घंटे की की आपूर्ति मिलने व जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा फोन लगा रहे हैं। इस पर सोमवार की रात क्षेत्रीय विधायक सुभाष त्रिपाठी बिफर उठे। विधायक कार्यकर्ताओं के साथ उपखंड कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने अधिशासी अभियंता प्रबोध राजपूत से तल्ख लहजे में सवाल पूछे और आक्रोश जाहिर किया। साथ ही विधायक ने फोन न उठाने पर जमकर फटकार भी लगाई। विधायक ने अधिशासी अधिकारी से रोस्टर मुताबिक आपूर्ति देने के लिए निर्देशित किया।
रोस्टर में काटते हैं बिजली, देना जाते हैं भूल
नवाबगंज। विकासखंड क्षेत्र में भी बिजली व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी है। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय निवासी नफीस अहमद, अनीश अहमद, अखिलेश, ओम प्रकाश, सौरभ जायसवाल आदि ने आरोप लगाते हुए बताया कि रोस्टरिंग के नाम पर बिजली तो काट दी जाती है, लेकिन जिम्मेदार आपूर्ति दोबारा देना भूल जाते हैं। 24 घंटे में मात्र 10 घंटे की आपूर्ति मिल रही है। कटौती के चलते पूृरा विकासखंंड क्षेत्र प्रभावित है।
110 गांवों को सिर्फ 8 से 10 घंटे आपूर्ति का आरोप
मटेरा। विद्युत उपकेंद्र मटेरा से आपूर्ति पाने वाले लगभग 110 गांवोंं में उमस बढ़ने के साथ ही शुरू हुई अघोषित कटौती से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मात्र आठ से 10 घंटे आपूर्ति मिल रही है। इससे छत या आंगन में सोना मजबूरी है।
कटौती से नींद हराम, लो वोल्टेज से किसान हैरान
खुटेहना। क्षेत्र के 50 से अधिक गांव बिजली कटौती व लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि एक घंटे की लगातार आपूर्ति के बाद 20 से 25 मिनट की कटौती की जाती है। इससे रातों की नींद हराम हो गई है। वहीं लो वोल्टेज की समस्या के चलते पानी के मोटर नहीं चल रहे हैं और किसान हैरान हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जेई समेत अन्य जिम्मेदार फोन भी नहीं उठाते। दुकान संचालक अभिनय ने बताया कि छोटी-छोटी बैटरी का सहारा ले रहे हैं। वहीं पवन व पेशकार पटेल ने लो वोल्टेज के चलते घरों में पंखे न चलने व खेत की सिंचाई प्रभावित होने का आरोप लगाया।