महसी। बहराइच-सीतापुर मार्ग पर मंगलवार आधी रात को लखनऊ से यात्रियों को लेकर रुपईडीहा जा रही रोडवेज बस और बहराइच से सीतापुर की ओर जा रहे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। गदामार खुर्द गांव के निकट हुए इस हादसे में बस में सवार 36 यात्री घायल हो गए, जबकि 17 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसा रात करीब 12:00 बजे हुआ। रोडवेज बस में करीब 38 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सड़क पर यात्रियों की चीखें गूंजने लगीं और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।
गदामार खुर्द गांव के ग्राम प्रधान रणवीर सिंह ने बताया कि तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर वह ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां बस के भीतर और बाहर घायल यात्री मदद की गुहार लगा रहे थे। ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को हादसे की सूचना दी।
थानाध्यक्ष हरदी आलोक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया। घटनास्थल पर 10 एंबुलेंस पहुंचीं और घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हादसे के बाद बहराइच-सीतापुर मार्ग पर लगभग 40 मिनट यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क के किनारे करवाया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डीपी तिवारी ने रात में ही मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। इस दौरान सीएमएस डॉ. एसके वर्मा भी भोर तक मौजूद रहे। जिस ट्रक से रोडवेज बस की टक्कर हुई है वह भूसी ले जा रहा था। पुलिस के मुताबिक ट्रक ओवरलोड है।
-
काफी तेज रफ्तार में थी बस
मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए पहुंचाए गए घायल बस यात्री प्रमोद कुमार और सालिकराम ने बताया कि चालक बस काफी तेज चला रहा था, यात्री ने कई बार उसे टोका भी, लेकिन उसने रफ्तार धीमी नहीं की और हादसा हो गया।
इन घायलों की हालत है गंभीर
हादसे में घायल हुए अवधेश कुमार (22) निवासी इटहा नानपारा, सालिकराम (55) कपूरपुर हरदी, हंसराज (25) सुफलपुरवा हरदी, पप्पू (40) नईबस्ती बक्शीपुरा दरगाह, रामकली(50) सुफलपुरवा हरदी, सोनूपाल (24) गोविंदपुर रामगांव, भुवनेश्वर (32) सिद्धपुरा कासगंज, सत्यदेव (30) आनंदनगर धानेपुर गोंडा, लवलेश (22) शिवनाथपुरवा मरौचा, राकेश कुमार मिश्रा (45) कोलेला हरदी, बेचन (65) लक्ष्मणपुर कोठी मल्हीपुर श्रावस्ती, प्रमोद (25) निवासी चक्करपुरवा मानपुर सीतापुर की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य यात्रियों को भी हल्की-फुल्की चाेटें आईं, वह सभी प्राथमिक उपचार के बाद घर चले गए।
-
परिचालक की हालत गंभीर, गायब हुआ पैसा
एआरएम रुपईडीहा राम प्रकाश ने बताया कि बस चालक अपनी साइड से जा रहा था, ट्रक चालक की गलती से हादसा हुआ। एआरएम ने बताया कि परिचालक के बैग से कुछ पैसा गायब हुआ है। अभी परिचालक बोलने की स्थिति में नहीं है, मामले की जांच की जा रही है।
-राम प्रकाश, एआरएम रुपईडीहा
-
आराम कर रहा था चालक, खलासी चला रहा था बस
एआरएम ने बताया कि हादसे के समय चालक गुलाब बाबू आराम कर रहा था, जबकि बस का संचालन खलासी कर रहा था। एआरएम ने कहा कि अभी टिकट मशीन और परिचालक का मोबाइल पुलिस के कब्जे में है।