सड़क के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास करते सांसद व अन्य।
बहराइच। नेपाल सीमा तक आवागमन को नई रफ्तार देने के लिए बाराबंकी से बहराइच होते हुए रुपईडीहा तक सड़क चौड़ीकरण व अतिरिक्त पुल निर्माण की परियोजना का सोमवार को सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने शिलान्यास किया। इस परियोजना के तहत शहर के गोलाघाट स्थित सरयू नदी पर करीब 22 करोड़ से नया पुल बनेगा।
शिलान्यास समारोह में सांसद ने कहा कि रुपईडीहा तक सड़क चौड़ीकरण के साथ ही गोलाघाट पर नया पुल बनने से जाम की समस्या काफी हद तक खत्म होगी। साथ ही नेपाल सीमा की ओर जाने वाले वाहनों को भी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार सीमावर्ती जिलों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। बेहतर सड़क नेटवर्क से व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के साथ आधुनिक मानकों के अनुरूप अतिरिक्त पुल का निर्माण कराया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय, जिला महामंत्री रणविजय सिंह, विधायक प्रतिनिधि शिवम जायसवाल, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
परियोजना से यह होगा फायदा
गोलाघाट क्षेत्र में जाम की समस्या कम होगी।
सरयू नदी पर यातायात का दबाव घटेगा।
बहराइच-रुपईडीहा मार्ग पर आवागमन आसान होगा।
नेपाल सीमा तक व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
फोरलेन परियोजना को गति मिलने का रास्ता साफ होगा।