पंचमुखी हनुमान मंदिर निबिया में मूर्तियों को तोड़ने के बाद प्रदर्शन करते लोग। -संवाद
रुपईडीहा (बहराइच)। थाना क्षेत्र रुपईडीहा के निबिया गांव के लोगों ने पुलिस व राजस्व टीम पर गांव स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में स्थापित मूर्तियों को तोड़ने का आरोप लगाया है। रविवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने गांव में प्रदर्शन किया। रुपईडीहा थाने पर मौजूद एसडीएम अंजनी यादव व सीओ प्रद्युम्न सिंह को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे सीताराम वर्मा, तीरथराम गुप्ता, बृजेश कुमार शर्मा, पवन कुमार पाठक, पेरू, वासुदेव वर्मा, रामबहोरी, विजय कुमार, बलिराम, सहजराम गुप्ता, रामनरेश गुप्ता, बुधई, भुसैली प्रसाद, नंदू यादव व जगदीश यादव आदि ने आरोप लगाते हुए बताया कि निबिया सहजना ग्राम पंचायत में पंचमुखी हनुमान मंदिर स्थित है। उसमें स्थापित शिवलिंग, विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियों व हवन कुंड को राजस्व और पुलिस टीम ने तोड़वा दिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकारी जमीन का हवाला देकर तोड़फोड़ की गई लेकिन मंदिर कमेटी को कोई सूचना नहीं दी गई। लोगों ने आरोप लगाया कि मंदिर में वर्षों से धार्मिक आयोजन होते आए हैं और कार्तिक पूर्णिमा पर विशेष मेले का आयोजन किया जाता रहा है लेकिन कभी जमीन सरकारी होने की बात नहीं कही गई और अचानक तोड़फोड़ कर दी गई। इससे पूरे गांव व आसपास के श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने मंदिर की दोबारा स्थापना न होने पर बड़े प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
करवाई जाएगी जांच
जांच करवाई जाएगी। अगर ग्राम समाज की जमीन पर स्थापना मिली तो शिकायतकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई होगी।
-अंजनी यादव, एसडीएम