बहराइच के रानीपुर थाना क्षेत्र के भगहरिया साइफन नहर में रविवार की सुबह किसान की हत्या कर शव को हाथ पैर बांधकर फेंक दिया गया। जब काफी देर तक वे वापस घर नहीं आए तो परिजन नहर किनारे पहुंचे जहां उनका शव उतराता मिला। घटनास्थल पर फारेंसिक टीम और पुलिस उच्चधिकारियों ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित कर मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की। पाटीदार पर रंजिश के चलते घटना को अंजाम देने का शक जताया जा रहा है।
रानीपुर थाना के दुर्गूपुर गांव निवासी फूलचंद (50) का शव गांव से दो किलोमीटर मीटर दूर स्थित भगहरिया साइफन नहर में पड़ा मिला। मृतक की बहू मीना ने बताया कि सुबह 4:00 बजे ससुर साइकिल लेकर घर से निकले थे जब काफी देर बीतने के बाद भी नहीं लौटे तो उनका बेटा अजय नहर किनारे पहुंचा जहां साइकिल खड़ी मिली और नहर में उनका शव उतराता मिला। उनके शरीर पर चोट के निशान थे और हत्यारोपी ने हाथ पैर को गमछे से बांधकर उसमें ईटे भी बांधे थे जिससे उनका शव पानी में नीचे बैठ जाए और किसी को नजर ना आए। चार बेटे व दो बेटी है, खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। मौत से पत्नी फूलन देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
आठ फरवरी को भतीजे ने दर्ज कराया था मुकदमा
परिजनों ने बताया कि उनके बड़े भाई के बेटे जगत राम ने 8 फरवरी को रानीपुर थाने में मृतक फूलचंद और उनके बड़े भाई सहित तीन लोगों पर मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था। जगत राम अक्सर शराब पीकर लोगों से झगड़ा करता है। ग्रामीणों में चर्चा है कि मौत में भतीजे का भी हाथ हो सकता है। भतीजे ने कुछ दिन पहले जान से मारने की धमकी भी दी थी।