बहराइच के एसपी कार्यालय में मंगलवार को प्रदर्शन करते ब्राह्मण समाज के लोग।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के पदाधिकारियों ने एक व्यक्ति द्वारा ब्राह्मण समाज को अपमानित करने वाली पोस्ट फेसबुक पर किए जाने पर आक्रोश जताया है। उन्होंने एक व्यक्ति को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी गई है।
अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के नगर महामंत्री दिलीप त्रिपाठी की अगुवाई में परिषद के कार्यकर्ता व पदाधिकारी मंगलवार को जुलूस निकालकर एसपी कार्यालय पहुंचे। सभी ने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा ब्राह्मण समाज की भावनाओं को आहत करने का काम किया गया है। फेसबुक पर उसके द्वारा समाज के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए ब्राह्मण समाज को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
पदाधिकारियों का कहना है कि 29 जुलाई को रात 12 बजे, 12.41 बजे, 12.41 बजे और 28 जुलाई को 11.47 बजे अलग-अलग पोस्ट डाली गई है। इस मामले में ब्राह्मण परिषद ने एएसपी ग्रामीण रवींद्र कुमार सिंह को ज्ञापन देते हुए तहरीर सौंपी है।
एएसपी ने आईटी सेल से मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर राममूर्ति तिवारी, केके शुक्ला, मोहित मिश्रा, अंकित पांडेय, हैप्पी दूबे, आशीष पांडेय, रिंकू मिश्रा, संतोष शुक्ला, अजय मिश्रा आदि मौजूद रहे।