भरथापुर में नाव हादसे के चौथे दिन नदी के तट पर जमा भीड़। -संवाद
बिछिया। भरथापुर नाव हादसे के बाद से कौड़ियाला नदी में लापता आठ ग्रामीणों की तलाश का अभियान चौथे दिन शनिवार को भी जारी रहा, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। सुबह पुनः शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में गोरखपुर से बुलाए गए सोनार तकनीकी विशेषज्ञ भी शामिल हुए। इस टीम से कामयाबी की उम्मीद में पूरे दिन तट पर बैठे लोग नदी की ओर टकटकी लगाए रहे, लेकिन शाम ढलते ही सभी निराश हो गए।
बुधवार देर शाम को भरथापुर घाट पर हुए नाव हादसे में 22 लोग नदी में बह गए थे। इनमें से 13 को सुरक्षित निकाल लिया गया था, जबकि एक महिला का शव मिला था। अब भी पांच बच्चों समेत आठ लोग लापता हैं, जिनकी तलाश में टीमें जुटी हैं।
शनिवार को सुबह होते ही नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सबकी निगाहें नदी पर टिकी रहीं, लेकिन हर बीतते पल के साथ उम्मीदें कमजोर होती गईं। तेज बहाव के चलते गोताखोरों की टीम शनिवार को नदी में सिर्फ दो बार ही उतरी और खाली हाथ रही।
नदी का बहाव तेज होने से गोताखोर ठहर नहीं पा रह थे। इसके बाद गोरखपुर से आए सोनार टेक्निक (ध्वनि आधारित दिशा-निर्धारण और माप तकनीक) विशेषज्ञों ने मोर्चा संभाला, लेकिन शाम तक सफलता नहीं मिली।