बहराइच। शहर के मोहल्ला कानूनगोपुरा स्थित बाजार इंडिया शॉपिंग मॉल में बिक रही टी-शर्ट पर धार्मिक चित्र व लिखावट को लेकर एक समुदाय के लोग शुक्रवार देर रात भड़क उठे। रात 11.40 बजे जब मॉल बंद हो रहा था तभी भारी संख्या में लोगों ने उसे घेरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना पाकर पुलिस पहुंची लेकिन हालात बेकाबू देख तत्काल पीएसी बुलाई गई। पुलिस ने मॉल की पड़ताल कर टी-शर्ट के गट्ठर को कब्जे में लेकर सील कर दिया। पुलिस ने टी-शर्ट कंपनी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तब रात एक बजे के करीब लोग शांत हुए।
शनिवार को शॉपिंग मॉल नहीं खुला। एहतिआत के तौर पर शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। टी-शर्ट लिखावट अरबी में होने के चलते विशेषज्ञों से परीक्षण कराने की तैयारी में पुलिस महकमा जुटा है। इसके बाद केस दर्ज कर कार्रवाई होगी।
बाजार इंडिया शॉपिंग मॉल में बीते कुछ दिनों से एक ऐसी टी-शर्ट की बिक्री हो रही थी, जिस पर धार्मिक स्थलों के चित्र बने हैं। कुछ टी-शर्ट पर अरबी भाषा में लिखावट भी है। यह लिखावट धर्म से जुड़ी हुई बताई जा रही है।
शुक्रवार को कुछ लोग मॉल में खरीददारी के लिए आए तो टी-शर्ट पर उकेरे गए चित्र और लिखावट को देखकर सकते में आ गए। लौटने के बाद समुदाय के जिम्मेदार लोगों को जानकारी दी। इस पर समुदाय विशेष के लोग भड़क उठे।
देर रात जब मॉल बंद हो रहा था तभी सैकड़ों की संख्या में लोग मॉल पर इकट्ठा हो गए। नारेबाजी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ लोग मॉल में भी घुस गए, जिससे कर्मचारी भाग खड़े हुए।
कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन हंगामा अधिक देखकर दरगाह और कोतवाली देहात की पुलिस बुलाई गई। अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट वीएन पांडेय और सीओ सिटी एपी सिंह भी मौके पर पहुंचे लेकिन हालात बेकाबू होने की शंका के चलते पीएसी भी बुला ली गई।
प्रभारी निरीक्षक मेवालाल सुमन ने बताया कि बरामद टी-शर्ट पर लिखे शब्दों का परीक्षण कराने की तैयारी हो रही है। परीक्षण के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बरत रहे सतर्कता
पुलिस अधीक्षक सालिकराम वर्मा ने बताया कि रात की घटना के चलते पूरी सतर्कता बरती जा रही है। टीम गश्त कर रही है। उन्होंने कहा कि टी शर्ट पर लिखे शब्दों का परीक्षण करवाने के बाद कार्रवाई करेंगे।