बाबागंज। वित्त विहीन विद्यालयों में कक्षा नौ और 11 के अग्रिम पंजीकरण में आ रहीं विसंगतियों को लेकर वित्त विहीन शिक्षक महासभा का प्रतिनिधिमंडल 26 अक्तूबर को डीएम से मिलेगा। शिक्षक शासनादेश के अनुपालन और समस्या के समाधान की मांग करेंगे।
महासभा के प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह ने बताया कि 21 अगस्त को जारी शासनादेश में वित्त विहीन विद्यालयों से क्रीड़ा, रेडक्रॉस और स्काउटिंग शुल्क जमा न कराने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद निजी विद्यालयों ने शुल्क जमा करना बंद कर दिया।
शिक्षक संघ के शिवपूजन सिंह, रावेंद्र शर्मा, रमेश विश्वकर्मा व बृज नरेश श्रीवास्तव ने बताया कि अब जिला विद्यालय निरीक्षक ने कक्षा नौ और 11 के अग्रिम पंजीकरण के लिए निजी विद्यालयों को भी क्रीड़ा शुल्क जमा करने का निर्देश दिया है। शुल्क जमा न करने वाले विद्यालयों के पंजीकरण नहीं लिए जा रहे हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक से वार्ता के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। ऐसे में महासभा का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिलकर शासनादेश के अनुरूप कार्यवाही और पंजीकरण की समस्या दूर कराने की मांग करेगा।