बहराइच नगर में सोमवार को सरकार के आदेश के बाद खुले सिद्धानाथ मंदिर में पूजा करते श्रद्धालु।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। अनलॉक-1 के आठवें दिन धार्मिक स्थल खुलने से जिले की रौनक बढ़ गई। लोगों ने धार्मिक स्थल पर प्रार्थना करने के बाद रेस्टोरेंट में चाय की चुस्की ली। शहर की बाजारें फिर से गुलजार होने लगीं। मॉल में अधिकांश भीड़ नहीं दिखी। शहर के कई मॉल सोमवार को बंद रहे। धार्मिक स्थल से लेकर रेस्टोरेंट व मॉल में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन कराया गया। बिना मास्क के लोगों को अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। बाहर निकलने वाले लोगों मेें भी जागरूकता दिखी। लोगों ने मास्क लगाकर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बाजार की रौनक का भी आनंद लिया।
कोरोना के चलते 75 दिन से बंद धार्मिक स्थलों को सोमवार को खोल दिया गया। मंदिर में घंटा-घड़ियाल व मस्जिद में आजान की आवाज ने सुखद पल का एहसास कराते हुए धार्मिक स्थल खुलने की गवाही दी। शहर के मरी माता मंदिर, संघारिणी मंदिर समेत अन्य मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता दर्शन करने के लिए लग गया। मंदिर प्रबंधक द्वारा नियमों का पूरा पालन कराया गया। एक बार में सिर्फ पांच लोगों को ही मंदिर में प्रवेश दिया गया। भगवान कीे मूर्ति को बिना स्पर्श किए श्रद्धालुओं ने दूर से ही दर्शन कर कोरोना खत्म करने की प्रार्थना की। मस्जिद में भी नियमों का पालन कराया गया। अनलॉक-1 के आठवें दिन सब कुछ खुल जाने के बाद शहर की रौनक लौट आई।
सड़कों पर पहले जैसी चहल-पहल नजर आई। लोग अपने काम निपटाने के लिए घर से मास्क लगाकर निकलने लगे। लोगों का कहना है कि अब धीरे-धीरे जीवन पटरी पर लौटने लगा है। लोगों को कोरोना के साथ जीने की आदत बनानी होगी। सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क ही बचाव है।
शहर में रेस्टोरेंट खुलते ही गुलजार हो गए। लोग सुबह जलेबी-दही खाकर चाय की चुस्कियां लीं। रेस्टोरेंट में आने वालों में से युवाओं की संख्या ज्यादा रही। रेस्टारेंट में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा पालन कराया गया। बिना मास्क पहने लोगों को इंट्री नहीं दी गई। रेस्टोंरेंट मैनेजर आशुतोष शर्मा आशू ने बताया कि लोगों की सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। बैठकर खाने से पहले सभी लोगों को अच्छी तरह से हाथ धुलने और दूरी बनाकर रहने के नियमों की जानकारी दी जा रही है।
ऑड-इवन के कारण कई मॉल रहें बंद
शहर में कई मॉल सोमवार को भी बंद रहे। इसका कारण ऑड-इवन रहा। सोमवार को बाएं तरफ की पटरी वाले मॉल खुल सके और दाएं वाले बंद रहे। इसी क्रम में अगले आदेश तक मॉल खुलते रहेंगे। बाएं तरफ कम मॉल होने से काफी ग्राहक भी नहीं पहुंचे। जो मॉल खुले रहें उसमें दो-चार ग्राहक आते-जाते रहे। अस्पताल चौराहा स्थित मॉल के प्रबंधक प्रदीप सिंह ने बताया कि मॉल खोलने का आदेश जारी हुआ है। मगर यहां पर ऑड-इवन का नियम लागू कर रखा गया है। जिससे अधिक भीड़ एकत्र न हो सके। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है।