बहराइच। शहर के मोहल्ला वजीरगंज में संचालित देह व्यापार का खुलासा करते हुए पुलिस ने रविवार रात तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा नगर कोतवाल को सूचना दी गई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई हुई। मौके से कई आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद की गईं। पीआरवी से मिली सूचना पर नगर कोतवाल प्रदीप कुमार सिंह और महिला थाना प्रभारी कल्पना सिंह ने पुलिस टीम के साथ रविवार देर रात वजीरगंज मोहल्ले में छापा मारा। इस दौरान मोहल्ला निवासी उमेश कुमार के मकान से दो महिलाओं और तीन पुरुषों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान मकान से कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुईं।
पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि उन्हें पैसे और काम दिलाने का लालच देकर यहां बुलाया गया और फिर देह व्यापार के लिए बाध्य किया गया। इस मामले में देह व्यापार कराने के आरोपी उमेश कुमार निवासी रायपुर राजा, रघुनाथ प्रसाद और ग्राहक शाहनवाज निवासी मोहल्ला किला को गिरफ्तार किया गया है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि हिरासत में ली गईं दो महिलाओं में से एक लखनऊ की रहने वाली है। दोनों महिलाओं को गवाह बनाया गया है।
आरोपियों के पास से देह व्यापार से कमाए गए 3,400 रुपये भी बरामद हुए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।