चुनाव आयोग का चाबुक चलने के बाद हटाए गए बहराइच के डीएम व एसपी की जगह पर आयोग के निर्देश पर तैनात किए गए दूसरे जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। डीएम और एसपी को जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया। इस मौके पर दोनों अधिकारियों ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शितापूर्ण चुनाव ही उनकी प्राथमिकता है।
चुनाव आयोग ने बहराइच के डीएम अभय कुमार और एसपी सालिकराम वर्मा को शुक्रवार देर शाम हटा दिया था। बहराइच में आयोग ने वर्ष 2002 बैच के प्रोन्नत आईएएस अजयदीप सिंह को डीएम बनाया है। वह शनिवार दोपहर में बहराइच पहुंच गए।
डीएम अजयदीप ने कोषागार कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। उनको जवानों ने सलामी दी। डीएम ने बताया कि विधानसभा चुनाव में शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि इससे पूर्व वह विशेष सचिव व निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में तैनात थे। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार ने भी दोपहर में बहराइच पहुंचकर चार्ज ले लिया।
एसपी ने बताया कि वह वर्ष 2006 बैच के आईपीएस हैं। इससे पूर्व वह शाहजहांपुर, देवरिया, गाजीपुर, संतकबीरनगर आदि जनपदों में तैनात रहे हैं। बहराइच उनका छठा जिला है। मूल रुप से वह दिल्ली के निवासी हैं। जबकि उनको 15वीं बटालियन पीएसी आगरा से स्थानांतरित किया गया है।
वह एमबीबीएस होने के साथ एमडी भी हैं। सीनियर रेजीडेंट के तौर पर वह एक अस्पताल में कार्य भी कर चुके हैं। एसपी ने बताया कि चुनाव में सुरक्षा के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अव्यवस्था फैलाने वालों पर रासुका, गैंगस्टर समेत अन्य कठोर कार्रवाई भी की जाएगी।