बहराइच। कैसरगंज कस्बा निवासी गर्भवती महिला इलाज कराने के लिए लखनऊ गई। लखनऊ में चिकित्सकों ने कोरोना की जांच कराई, जिसमें वह कोरोना संक्रमित मिली। लखनऊ से सूचना स्वास्थ्य विभाग को भेज दी गई है। इससे जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 117 पहुंच गई है, जबकि आठ कोरोना संक्रमितों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जिले में हर दूसरे दिन कोरोना रोगी मिल रहे हैं, जिससे संक्रमितों की संख्या भी धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही है। कैसरगंज विकास खंड के कस्बा निवासी गर्भवती महिला इलाज के लिए लखनऊ गई थी। लखनऊ में स्थित प्राइवेट अस्पताल के चिकित्सकों ने इलाज से पूर्व महिला की कोरोना जांच कराई।
सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह ने बताया कि गर्भवती की जांच में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसकी सूचना जिला मुख्यालय मिल गई है। गर्भवती महिला कोरोना संक्रमित है। गर्भवती के कोरोना संक्रमित मिलने से कुल मरीजों की संख्या 117 पहुंच गई है।
सीएमओ ने बताया कि इनमें 108 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। जबकि चित्तौरा स्थित कोविड लेवल-1 अस्पताल में सात और कोविड-19 एएसएमसी में एक कोरोना संक्रमित का इलाज चल रहा है। सीएमओ ने बताया कि गर्भवती महिला को जोड़कर इनकी संख्या नौ पहुंच जाएगी। उन्होंने बताया कि कैसरगंज कस्बे को हॉटस्पॉट बनाने की कार्रवाई की जा रही है।