बहराइच में मंगलवार को कोरोना मरीज की पॉजीटिव रिपोर्ट आने के बाद जेल रोड पर केडिया हास्पिटल को सील
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। दरगाह थाना क्षेत्र की की एक गर्भवती महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई, वहीं बौंडी इलाके की एक वृद्ध महिला के भी कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। निजी लैब में जांच में पुष्टि के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। सायरा और केडिया अस्पताल को प्रशासन ने सील कर दिया है। पूरे इलाके को सैनिटाइज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
दरगाह थाना क्षेत्र के बख्शीपुरा मोहल्ले की रहने वाले एक महिला गर्भवती थी। परेशानी होने पर महिला ने केडिया हॉस्पिटल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रीना केडिया से संपर्क किया था, जिसके बाद उसको कोरोना की जांच कराने की सलाह दी गई थी। कोरोना का सैंपल पैथ काइंड लैब के कर्मचारियों ने महिला के घर से लिया था। उधर, बौंडी थाना क्षेत्र के केलागांव की रहने वाली 65 साल की महिला का दो अप्रैल को पैर टूट गया था। उसका इलाज शहर के झिंगहाघाट रोड स्थित सायरा अस्पताल में चल रहा था।
वृद्ध महिला के कूल्हे का ऑपरेशन होना था। उसका भी पैथ लैब में ही जांच के लिए सैंपल भेजा गया था। मंगलवार को रिपोर्ट मेें दोनों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई, जिसकी सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह टीम के साथ दोनों नर्सिंगहोम पहुंचे। दोनों के बारे में जानकारी एकत्र की गई। सीएमओ के निर्देश पर दोनों नर्सिंगहोम को सील कर दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि दोनों नर्सिंगहोम को सील कर दिया गया है। यहां पर सैनिटाइज की कार्रवाई भी की जा रही है। दोनों महिलाओं को कोविड लेवल-1 में भर्ती किया गया है। दोबारा सैंपल लेकर केजीएमयू लखनऊ जांच के लिए भेजा जा रहा है।
...तो वाटूसएप से मंगाई थी रिपोर्ट
केडिया हॉस्पिटल की डॉ. रीना केडिया का कहना है कि मरीज उनके अस्पताल में दिखाने नहीं आई थी। फोन पर वाटूसएप से ही उसकी रिपोर्ट मांगी गई थी, सिर्फ लैब का कर्मचारी सैंपल लेने गया था।
मोहल्ले में भी रही हलचल
दरगाह थाने इलाके के मोहल्ला बख्शीपुरा में गर्भवती महिला के घर पर भी स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच गई। घर के लोगों से संपर्क में आने वालों के बारे में जानकारी एकत्र की गई। पुलिस फोर्स भी मुस्तैद रही। इससे मोहल्ले में हलचल रही।