बहराइच। पंचायत चुनाव के परिणाम आने के साथ ही ग्राम पंचायतों के गठन की कवायद प्रशासन ने शुरू कर दी है। पंचायतों के गठन के लिए 20 दिसंबर तक शपथ दिलाने के साथ ही 26 दिसंबर को पहली बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि दो तिहाई बहुमत हासिल करने वाली पंचायतों की सूचना 17 दिसंबर तक मांगी गई है। इसके बाद 18 दिसंबर को अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
अधिसूचना जारी होने के बाद 19 व 20 दिसंबर को ग्राम प्रधान व सदस्यों का शपथ ग्रहण आयोजित किया जाएगा। सीडीओ ने बताया कि शपथ ग्रहण होने के दौरान ही उसी ग्राम पंचायत के लिए 26 दिसंबर को पहली बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया जाएगा।
इसके लिए ग्राम पंचायत के सदस्यों को भी सूचना देते हुए सभी पंचायत भवनों व सार्वजनिक स्थानों पर बैठक की सूचना चस्पा कर दी जाएगी।