बहराइच। हमीरपुर छिदकुरी गांव में भूमि पर कब्जे के विवाद में रविवार को प्रधान व पूर्व प्रधान आमने सामने आ गए। इससे नाराज ग्राम प्रधान ने पूर्व प्रधान पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। एक गोली पूर्व प्रधान के पेट में लग गई। स्थानीय लोग व सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूर्व प्रधान को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
जहां पर हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। गांव में सुरक्षा को देखते हुए पुलिस मुस्तैद कर दी गई है। पुलिस ने पूर्व प्रधान के पुत्र की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं प्रधान को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
रानीपुर थाना क्षेत्र के हमीरपुर छिदकुरी गांव में एक बाग में खाली जगह पर घूर लगा हुआ था। रविवार दोपहर ग्राम प्रधान विजय सिंह ट्रैक्टर लेकर घूर को हटाने पहुंच गए। इसका पूर्व ग्राम प्रधान राधेश्याम सिंह ने विरोध किया। इससे नाराज ग्राम प्रधान विजय सिंह ने पूर्व प्रधान पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान एक गोली पूर्व प्रधान के पेट में लग गई। स्थानीय लोगों व सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पूर्व ग्राम प्रधान को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां पर हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पूर्व प्रधान को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
रानीपुर थानाध्यक्ष चौथीराम यादव ने बताया कि पूर्व प्रधान के पेट में गोली लगी है। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने इलाज के लिए उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर किया है। घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है। पूर्व प्रधान के पुत्र की तहरी पर मौजूदा प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है, वहीं प्रधान को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव में तनाव के हालात बने हुए हैं। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस मुस्तैद कर दी गई है।