जरवलरोड में बारिश के दौरान गिरा पेड़ व क्षतिग्रस्त हुई विद्युत लाइन। -संवाद
बहराइच। लगातार बारिश और तेज हवा से बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। पेड़ व डालियां लाइनों पर गिरने और इंसुलेटर टूटने से करीब 1147 गांवों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इनमें 480 गांवों में दो दिन से बिजली नहीं है। कई क्षेत्रों में बिजली के साथ पेयजल संकट भी गहरा गया है।
शहर के सिविल लाइन, बक्शीपुरा, चांदपुरा, नाजिरपुरा और बड़ी हाट समेत कई मोहल्लों में भी ट्रिपिंग व बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। बिजली न होने से पानी की मोटर नहीं चल सकी।
रुपईडीहा क्षेत्र में नानपारा से बाबागंज स्थित सहाबा पावर हाउस के बीच 16 स्थानों पर लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। दोपहर 12 बजे से आपूर्ति ठप होने से करीब 379 गांव प्रभावित हैं। अधिशासी अभियंता नितिन कुमार ने बताया कि टीमें लगातार फाल्ट तलाशकर मरम्मत कर रही हैं। एक जगह खराबी ठीक होते ही दूसरी जगह फाल्ट आने से परेशानी बढ़ रही है।
फखरपुर के 98, कैसरगंज 79, महसी 130, हुजूरपुर 130, जरवल 160 और नानपारा के 250 गांव प्रभावित हैं। बिछिया के 60, मटेरा के 80 और रिसिया के 80 गांवों में भी आपूर्ति बाधित है।
विशेश्वरगंज क्षेत्र के 80 गांवों में तीन दिन से बिजली आपूर्ति प्रभावित है। एसडीओ लाखेंद्र सिंह ने बताया कि 18 से अधिक स्थानों पर इंसुलेटर टूटे हैं। टीमें लगातार मरम्मत में जुटी हैं।