मिशन शक्ति अभियान, एंटी रोमियो टीम, पीआरवी भी दिख रहे निष्क्रिय, महिलाओं के साथ लगातार बढ़ रहे अपराध
ई-रिक्शा चालकों का भी नहीं किया जा रहा सत्यापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बहराइच। जिले में पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं है। इसी का नतीजा रहा कि युवती के साथ दरिंदगी की यह मामला सामने आया है। पुलिस के मिशन शक्ति, एंटी रोमियो अभियान के साथ पीआरवी टीम भी कारगर नहीं साबित हो पा रही है। बीते दिनों महिलाओं के साथ हुई कई घटना का भी पुलिस खुलासा नहीं कर पा रहा है। शहर से लेकर गांव तक हजारों ई-रिक्शा चल रहे हैं लेकिन किसी भी चालक का सत्यापन नहीं किया जाता है।
कैसरगंज से ई-रिक्शा पर सवार दो लोग एक युवती को अगवाकर शहर लेकर आ गए और रास्ते में कहीं भी पुलिस ने उनको चेक नहीं किया। जबकि फखरपुर थाना, टोल प्लाजा समेत हाईवे पर कई जगह पुलिस की ड्यूटी रहती है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां की पुलिसिंग का क्या हाल है।
अफसर भी रात्रि भ्रमण नहीं करते हैं जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद है। पीड़िता के द्वारा पुलिस को बताया गया है कि आरोपी उसे रात में लेकर शहर में रोडवेज के पास एक कमरे में पहुंचे। उसके बाद तीन घंटे तक उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे बस स्टेशन के पास छोड़कर चले गए। इसके बाद सुबह पांच बजे युवती दूसरे ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंची। ऐसे में इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि युवती करीब तीन से चार घंटे तक रोडवेज बस स्टेशन के पास ही पड़ी रही। यहां पर पुलिस चौकी भी है और रात भर बसों का आवागमन होने के चलते लोगों की भीड़ रहती है। लेकिन इसके बाद भी किसी ने युवती की तरफ ध्यान नहीं दिया। यह सब बातें शहर में पुलिस की सक्रियता की भी पोल खोल रही है।
बाक्स-
पहले भी हो चुकीं वारदातें
पिछले माह पयागपुर थाना क्षेत्र में एक युवती की हत्याकर उसके शव को सड़क किनारे फेंका गया था। दुष्कर्म की भी आशंका जताई गई थी। मृतका की आज तक न तो पहचान हो सकी है और न ही कोई आरोपी पकड़ा जा सका है। नानपारा में बीते सप्ताह ही एक युवती की हत्या हुई है। लेकिन पुलिस अभी तक खाली हाथ है। इसी तरह हुजूरपुर थाना क्षेत्र में एक किशोरी की उसके घर में हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को पकड़कर जेल भेजा था।
-
बाक्स-
ई-रिक्शा चालकों का होगा सत्यापन
शहर से लेकर ग्रामीण इलाके में जो भी ई-रिक्शा चल रहे है उनका सत्यापन करवाया जाएगा। पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के प्रति गंभीरता से काम कर रही है।
-प्रशांत वर्मा, एसपी