मिहींपुरवा (बहराइच)। कस्बा निवासी एक सराफा व्यवसायी व्यापार के सिलसिले में बस से देवरिया जा रहा था। रास्ते में पड़े ढाबे पर जहरखुरानों ने व्यापारी को अपना शिकार बनाकर उसके पास मौजूद नौ लाख रुपये पार कर दिए। देवरिया पुलिस ने व्यापारी को अस्पताल में भर्ती कर केस दर्ज किया है।
मोतीपुर थाना अंतर्गत मिहींपुरवा कस्बा निवासी राजू सोनी (35) पुत्र विजय प्रताप सराफा व्यवसायी हैं। परिवारीजनों ने बताया कि शनिवार को राजू व्यापार के सिलसिले में देवरिया जा रहा था। रास्ते में एक ढाबे पर बस के रुकने पर राजू भी जलपान के लिए नीचे उतरा। इसके बाद सभी फिर से बस में सवार हुए। बस देवरिया पहुंची तो सभी यात्री बस से नीचे उतर गए, जबकि राजू बेहोश मिला।
आसपास के लोगों के प्रयास के बाद राजू को होश आया तो उसके जहरखुरानी के शिकार होने और नौ लाख रुपये पार होने की जानकारी हुई। सूचना पाकर पुलिस पहुंची। देवरिया पुलिस ने व्यवसायी को अस्पताल पहुंचाया। सदर कोतवाली की पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर बस के चालक व परिचालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।