बहराइच। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन व डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में मंगलवार से चार दिवसीय क्रिकेट ट्रायल की शुरुआत की गई। अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए जोन टीम के चयन के लिए इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुरू हुए ट्रायल के पहले दिन सीतापुर, लखीमपुर, श्रावस्ती, बलरामपुर व बहराइच के खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया।
डिस्ट्रीक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव इशरत महमूद खान ने बताया कि चयन प्रक्रिया मंगलवार की सुबह 8:30 बजे से शुरू हुई है जो चार दिनों तक चलेगी। पहले दिन के ट्रायल में सबसे अधिक संख्या बल्लेबाजों की रही। खिलाड़ियों की प्रतिभा को चयनकर्ता बारीकी से समझ रहे हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन बहराइच जोन टीम के लिए किया जाएगा। शिविर में अनुशासन से लेकर उनके खेलने की क्षमता, संयम सहित अन्य सभी जरूरी मापदंडों की परख की जा रही है। ट्रायल में यूपीसीए की तरफ से ऑब्जर्वर के रूप में रंजीत यादव, स्कोरर रितेश घोष व अंपायर की भूमिका में सतेंद्र सिंह व अभय भानु मौजूद रहे। इस दौरान डीसीए लखीमपुर के सचिव अभिषेक शुक्ला, डीसीए बहराइच के अध्यक्ष अमित ठाकुर, वरिष्ट उपाध्यक्ष शेख जहीरुद्दीन आदि मौजूद रहे।