शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में क्रिकेट मैच खेलते खिलाड़ी। -संवाद
बहराइच। शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में शनिवार को नासिर मेहंदी मेमोरियल अंडर-16 जिला क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का दसवां मुकाबला खेला गया। इसमें पॉयनियर क्रिकेट क्लब ने फ्यूजन क्रिकेट अकादमी को नौ रन से हरा दिया। मुकाबले का उद्घाटन जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) के संस्थापक इशरत महमूद खां ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पॉयनियर क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 25 ओवरों में आठ विकेट पर 143 रन बनाए। किशन वर्मा ने 29 और आपन ने 22 रन का योगदान दिया। फ्यूजन की ओर से जीशान ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्यूजन क्रिकेट अकादमी की टीम 25 ओवर में 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अथर्व मिश्रा ने 55 रन की पारी खेली, लेकिन जीत नहीं दिला सके। पॉयनियर की ओर से अशद खान ने तीन और वैभव शुक्ला ने दो विकेट लिए। शानदार गेंदबाजी के लिए अशद खान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस दौरान डीसीए अध्यक्ष अमित ठाकुर, सचिव राशिद हुसैन चांद, संयुक्त सचिव तौहीद उल्ला खां, आयोजक निखिल श्रीवास्तव, देवाशीष राय, त्रिपुरेश मिश्रा, जिला उपक्रीड़ाधिकारी अब्दुल अहद और निर्णायक अकील अहमद व रेहान खान मौजूद रहे। स्कोरिंग की जिम्मेदारी त्रिपुरेश कुमार मिश्रा ने संभाली।