बहराइच। विकास कार्यों व नीति आयोग के कार्यक्रमों की समीक्षा के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। अध्यक्षता डीएम शंभु कुमार ने की। बैठक में डीएम ने सीएमओ से विभाग में रिक्त पदों का ब्योरा मांगा। इसके साथ ही अधिकारियों को समय से निर्माण कार्य पूरा कराने तथा स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी शंभु कुमार ने निर्माण कार्य से संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित अन्य विभागों एवं कार्यदायी संस्था से समन्वय करते हुए कार्य की प्रगति, गुणवत्ता व बजट की उपलब्धता की अपने स्तर से नियमित समीक्षा करते रहें। समय-समय पर निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करें, जिससे कार्य गुणवत्ता पूर्वक समय से पूर्ण हो सके। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए डीएम ने सीएमओ व सीएमएस को निर्देश दिया कि स्वीकृत पदों के सापेक्ष उपलब्ध स्टाफ का अपने स्तर से गहन परीक्षण कर यथा स्थिति से अवगत करायें। सीएमओ को निर्देश दिया कि विभाग से संबंधित निर्माण कार्यों की अपने स्तर से गहन समीक्षा कर उन्हें समय से पूर्ण कराए।
इसके अलावा डीएम ने अन्य स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मौके पर सीडीओ कविता मीना, सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव, सीएमएस डॉ. डी के सिंह, डीएफओ मनीष सिंह, सीवीओ डॉ. बलवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी राजेश मिश्रा, पीडीडीआरडी अनिल कुमार सिंह, उपायुक्त स्वत: रोजगार सुरेंद्र कुमार गुप्ता, उप निदेशक कृषि डॉ. आरके सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।