रेलवे क्रॉसिंग संख्या 41 सी को खोलने की मांग को लेकर जुलूस निकालते लोग।
बहराइच। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर एक चांदमारी के निवासियों ने रेलवे क्रॉसिंग बंद होने और मोहल्ले में जलनिकासी की व्यवस्था न होने से परेशान होकर रविवार को सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। लोगों ने कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च कर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा।
लोगों का आरोप है कि वार्ड में सभासद से लेकर सांसद तक भाजपा के जनप्रतिनिधि होने के बावजूद करीब 25 हजार की आबादी की समस्याओं का समाधान नहीं कराया जा रहा है। रेलवे क्रॉसिंग 41सी बंद होने से आवागमन प्रभावित है। वहीं, जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पूर्व सभासद बबलू गौतम ने बताया कि अमान परिवर्तन के दौरान रेलवे क्रासिंग 41सी को क्रासिंग 40सी से जोड़कर बंद कर दिया गया था। बाद में 40सी भी बंद कर दी गई। उन्होंने कहा कि करीब 120 फीट चौड़े रास्ते को महज 18 फीट के रास्ते से जोड़ा गया है। इस रास्ते पर भी अतिक्रमण होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
प्रदर्शनकारियों ने क्रॉसिंग खोलवाने, रास्ते से अतिक्रमण हटाने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की। प्रदर्शन में विवेक सिंह, संतोष त्रिपाठी, अरविंद तिवारी, निकुंज केडिया, राजू पाठक, सुनील मिश्र, दिनेश तिवारी, सुनील मौर्य, दीनानाथ मौर्य, डॉ. शैलेश श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।