बहराइच मेडिकल कॉलेज में परचा बनवाने के लिए लगी लाइन। -संवाद
बहराइच। मौसम में बदलाव के साथ ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी है। खासकर सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शनिवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में 1800 से ज्यादा मरीज इलाज कराने पहुंचे, जिनमें सबसे अधिक मरीज सर्दी जनित बीमारियों से पीड़ित रहे।
सुबह से ही परचा काउंटर पर लोगों की लंबी लाइन लग गई। घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद मरीजों को ओपीडी में भी खड़े-खड़े ही अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा, क्योंकि बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। भीड़ अधिक होने के कारण मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
ओपीडी में पहुंचे मरीजों को चिकित्सकों ने जांच कर दवाएं दीं। इनमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल रहे। पैथोलॉजी विभाग में भी डेंगू, मलेरिया और अन्य जांचों के लिए सुबह से दोपहर तक लंबी कतार लगी रही। मेडिसिन विभाग के चिकित्सकों ने बताया कि बुखार और वायरल ग्रसित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।
मेडिकल कालेज के मीडिया प्रभारी डॉ. अरविंद शुक्ला ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण मरीजों की संख्या बढ़ी है। पर्याप्त संसाधनों के साथ ही आए मरीजों का उपचार कर दवाएं दी गईं। उन्होंने बताया कि मौसम के अनुसार सावधानी बरतें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनकर रखें, मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें और भीड़भाड़ से बचें।