मेडिकल कॉलेज में सोमवार को ओपीडी के बाहर लगी मरीज व तीमारदारों की भीड़। -संवाद
बहराइच। रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को मेडिकल कॉलेज खुलते ही मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी देखने को मिली। सुबह से ही ओपीडी के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। हालात ये रहे कि परचा बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने तक लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बुखार और कोल्ड डायरिया के रोगी अधिक रहे।
आभा एप के माध्यम से आए मरीजों का पहले रजिस्ट्रेशन किया गया, उसके बाद परचा बनाया गया। ओपीडी के अंदर और बाहर मरीजों का तांता लगा रहा। कई विभागों में चिकित्सकों का कक्ष भर जाने पर मरीजों को गेट और बरामदे में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। पैथोलॉजी में भी जांच कराने के लिए लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ा।
चिकित्सकों के अनुसार मौसम में बदलाव के कारण सर्दी, खांसी, बुखार, कोल्ड डायरिया, जोड़ों के दर्द और सांस संबंधी रोगों के मरीज ज्यादा पहुंचे। नानपारा से आए हृदयरोगी रमेश कुमार ने बताया कि सुबह 10 बजे पहुंचने के बावजूद डॉक्टर को दिखाने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया। वहीं रानीपुर क्षेत्र के ननकऊ ने बताया कि जोड़ों के दर्द की समस्या होने पर उन्हें बरामदे में काफी देर इंतजार करना पड़ा।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एमएमएम त्रिपाठी ने बताया कि छुट्टी के बाद मरीजों की संख्या बढ़ना सामान्य है। सभी मरीजों का इलाज कर दवाएं दी गईं और आवश्यक जांच भी कराई गई है।