बहराइच। आकांक्षात्मक जिलों की सूची में शामिल बहराइच में अभी भी परिवहन सेवाओं का टोटा है। रेल सेवाओं को बढ़ाने के लिए गोरखपुर के लिए ट्रेन सेवा शुरू की गई जो खस्ताहाल है। वहीं बनारस जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन एक दिसंबर से निरस्त चल रही है। इससे दैनिक रेल यात्रियों, तीर्थस्थलों को जाने वाले श्रद्धालुओं व व्यापारियों को परेशान होना पड़ रहा है।
रेल सेवाओं का विस्तार किए जाने के उद्देश्य से बहराइच से बनारस तक अगस्त 2022 में इंटरसिटी ट्रेन का संचालन शुरू कराया गया था। इस ट्रेन के चलने से यात्रियों को काफी सहूलियत मिली थी लेकिन ये ट्रेन आए दिन निरस्त रहती है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन न चलने से डग्गामार वाहन चालक यात्रियों से निर्धारित किराए की जगह ज्यादा किराया वसूल रहे हैं।
शहर निवासी व्यापारी शिवम गुप्ता ने बताया कि वे व्यापार के सिलसिले से अक्सर बनारस आते-जाते हैं। ट्रेन बंद हो जाने से बस से सफर करना पड़ रहा है। डग्गामार वाहन चालक मोटी कमाई के लिए यात्रियों को बसों व छोटे वाहनों में भूसे की तरह भरते हैं।
2500 यात्री प्रतिदिन कर रहे सफर
यातायात निरीक्षक सुधीर कुमार मल्ल ने बताया कि प्रतिदिन चार अप व चार डाउन गाड़ियां चल रही हैं। इनमें तीन बहराइच-गोडा अप व डाउन चलती है। एक गाड़ी बहराइच से गोरखपुर तक चल रही है। इन ट्रेनों से 24 घंटे में लगभग 2500 यात्री सफर करते हैं।
क्या कहते हैं यात्री
टिकट बुकिंग में हो रही परेशानी
मुझे हैदराबाद जाना है। तीन बार टिकट बुक कराने के लिए आ चुके हैं। बुकिंग नहीं पाई है। चौथी बार आया हूं। बताया जा रहा है नेटवर्क की गड़बड़ी है।
बलराम यादव, रानीपुर
11 बजे के बाद नहीं हो पाती है बुकिंग
हैदराबाद जाने के लिए टिकट बुक कराने आए हैं। 11 बजे के बाद टिकट बुक कराने में परेशानी होती है। गांव दूर होने की वजह से ठंड में बहराइच पहुंचने में देर हो जाती है। अभी बुकिंग नहीं हो पा रही है।
इब्राहीम, रानीपुर
बार-बार निरस्त की जा रही ट्रेन
बनारस इंटरसिटी आए दिन रद कर दी जाती है। इससे दैनिक रेल यात्रियों को बड़ी परेशानी होती है। ट्रेन न चलने से डग्गामार वाहन चालक यात्रियों से ज्यादा किराया वसूल रहे हैं।
अनवर, दरगाह
गोरखपुर के लिए ट्रेन बढ़े तो आसान होगा सफर
बहराइच से गोरखपुर के लिए सिर्फ एक ट्रेन चल रही है। यदि ट्रेन की संख्या बढ़ा दी जाए, तो यात्रा और आसान हो जाएगी। ट्रेन बढ़ने से रेलवे के राजस्व में बढ़ावा मिलेगा।
इमरान, दरगाह
कोहरे के चलते बनारस इंटरसिटी ट्रेन बंद की गई है। एक मार्च से इस ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। यात्रियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
अनिल शर्मा, स्टेशन मास्टर बहराइच