बहराइच। जिला चिकित्सालय में अब किसी मरीज को ऑक्सीजन की कमी से परेेेशान नहीं होना पड़ेगा। जिला चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट पहले से ही कार्य कर रहा है। अब 40 लाख रुपये की लागत से ऑक्सीजन स्टोरेज टैंक भी लगवाने की कवायद चल रही है। शीघ्र ही स्टोरेज प्लांट लग जाने से आपात स्थिति के लिए ऑक्सीजन स्टोर करने के साथ ही रीफिलिंग की सुविधा भी शुरू हो जाएगी।
कोरोना काल में मरीजों को ऑक्सीजन की कमी का किस प्रकार सामना करना पड़ा था। इससे सभी लोग भलीभांति परिचित हैं। कोरोना काल में ही ऑक्सीजन की कमी को दूर करने के लिए ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना भी कराई गई थी। यहां भर्ती मरीजों को आवश्यकतानुसार ऑक्सीजन उपलब्ध भी कराई जा रही है, लेकिन अस्पताल प्रशासन कोई आपात स्थिति उत्पन्न होने पर फिर से लोगों को ऑक्सीजन की कमी न होने पाए। इसके लिए प्रयास कर रहा है।
इसी क्रम में जिला चिकित्सालय में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (एलएमओ) लगवाया जा रहा है। इसके माध्यम से 20 किलोलीटर ऑक्सीजन स्टोर की जा सकेगी। ऑक्सीजन स्टोर होने से किसी भी आपातकालीन स्थिति में मरीजों के लिए ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं पड़ेगी। इसके साथ ही यहां रीफिलिंग की सुविधा भी मिल सकेगी। जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. एमएमएम त्रिपाठी ने बताया कि प्रयास किया जा रहा है कि एक माह के भीतर ऑक्सीजन स्टोरेज प्लांट की स्थापना कराई जा सके। जिससे मरीजों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा सकें।