जिले में संचालित पेट्रोल पंपों पर घटतौली व मिलावटखोरी रोकने के लिए एसडीएम के नेतृत्व में गठित टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है। शनिवार को जांच के दौरान रतनापुर स्थित पेट्रोल पंप में टेंपरिंग मिलने पर पेट्रोल पंप की एक यूनिट को एसडीएम ने सीज करवा दिया।
उप जिलाधिकारी जमुनहा श्रीराम सचान के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा सोनवा थाना क्षेत्र के रतनापुर स्थित जय मां वैष्णो ऑटोमोबाइल्स पर छापेमारी की गई। इस दौरान उनके साथ जिला पूर्ति अधिकारी मनीष सिंह, बाट माप निरीक्षक अरविंद मिश्रा, जिला तेल समन्वयक बृजेश कुमार बुंदेला व पूर्ति निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दीक्षित सहित कंपनी के दो टेकिभनशियानों द्वारा जांच की गई।
इस दौरान पेट्रोल पंप के चार यूनिटों के सभी चेंज मेजर सही मिले। लेकिन एक यूनिट के पल्सर केबल में टेंपरिंग (डिलीवरी पाइप को काट कर जोड़ा गया था) मिली। इस पर एसडीएम के निर्देश पर उस यूनिट को सीज कर दिया गया। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी इकौना सत्यप्रकाश वर्मा के नेतृत्व में बाट माप निरीक्षक, जिला पूर्ति निरीक्षक, जिला तेल समन्वयक व क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक नरेंद्र सिंह द्वारा इकौना क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर छापेमारी की गई, जहां उन्हें आपत्तिजनक कुछ भी नहीं मिला।
इस दौरान भारत पेट्रोलियम खरगौराबस्ती व इंडियन ऑयल के इकौना स्थित किसान सेवा केंद्र की जांच की गई। इस दौरान जहां खरगौराबस्ती में एक मशीन खराब मिलने पर पेट्रोल पंप संचालक को दो दिन में मशीन दुरुस्त कराने का सख्त निर्देश दिया गया।
वहीं इकौना के किसान सेवा केंद्र पर पानी व वाहनों के लिए हवा आदि की व्यवस्था न होने पर एसडीएम ने पेट्रोल पंप संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए दो दिन के अंदर सभी सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया। प्रशासन की इस छापेमारी से पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया है।