बहराइच के महसी तहसील क्षेत्र में उर्वरक की दुकानों पर छापेमारी करते जिला कृषि अधिकारी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। कृषि विभाग की ओर से मंगलवार को महसी क्षेत्र में खाद व बीज की 16 दुकानों पर छापा मारा गया। इस दौरान एक दुकान मानक विहीन मिलने पर उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया, जबकि 15 दुकान संचालकों को नोटिस जारी की गई है। पांच खाद के नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला लखनऊ भेजा गया है।
जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पांडेय की अगुवाई में मंगलवार को खाद व बीज की दुकानों की जांच की गई। कृषि अधिकारी महसी क्षेत्र में स्थित सिंह खाद भंडार पर सुबह पहुंचे। स्टाक की स्थिति जांची, लेकिन रजिस्टर अधूरा मिला। यही स्थिति मिश्रा टेंट हाउस, मंजू देवी खाद भंडार, गाजी ट्रेडिंग कंपनी महसी दुकान की रही।
राजीचौराहा पर स्थित शर्मा कृषि केंद्र, गोस्वामी बीज भंडार व रवि सिंह खाद भंडार का निरीक्षण किया। कृषि अधिकारी ने बताया कि रवि सिंह खाद भंडार पर उर्वरक का स्टाक गलत तरीके से रखा गया। अभिलेख अधूरे मिले। सभी कागजात मौजूद नहीं थे, जिसके चलते दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
इसके बाद टीम ने नौतला में वर्मा खाद भंडार, एग्रीजंक्शन जय किसान बीज भंडार, जानीजोत में सिंह उर्वरक भंडार, बाजपेई खाद भंडार, मुकेरिया में सिंह ट्रेडर्स, पाटन खाद-बीज भंडार, विपिन कृषि सेवा केंद्र व बलवापुर में पवन कुमार गौतम पवन कृषि केंद्र का निरीक्षण किया। कृषि अधिकारी ने कहा कि 15 दुकानों के अभिलेख अधूरे मिलने पर उन्हें नोटिस जारी की गई है।। जबकि खाद के पांच नमूने एकत्रित कर उन्हें जांच के लिए भेजा गया है।