फखरपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ-बहराइच मार्ग पर सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : BAHRAICH
फखरपुर (बहराइच)। थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम बहराइच-लखनऊ हाईवे पर गजाधरपुर के पास पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, यहां से उसे केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
बहराइच-लखनऊ हाईवे पर फखरपुर थाना क्षेत्र के गजाधरपुर के निकट गीता सिंह पेट्रोल पंप स्थित है। बुधवार की देर शाम करीब आठ बजे बौंडी थाने में तैनात होमगार्ड अर्जुन सिंह और कैसरगंज थाने में तैनात प्रहलाद कुमार बाइक से कैसरगंज की ओर जा रहे थे। तभी गजाधरपुर के निकट स्थित पेट्रोल पंप के पास लखनऊ की ओर से आ रही एक डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे होमगार्ड अर्जुन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा होमगार्ड प्रह्लाद गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल होमगार्ड को तत्काल एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि डीसीएम को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। उधर, मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. रामेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि होमगार्ड प्रहलाद को गंभीर हालत में यहां लाया गया था। उसकी हालत चिंताजनक होने पर केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया है। उसके सिर और पेट पर गहरी चोट लगी है।