बहराइच के थाना कोतवाली नानपारा के रूपईडीहा मार्ग पर शनिवार को बस ने बाइक सवार दम्पती को टक्कर मार दी। सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस की माने तो ग्राम पंचायत हाडा बसहरी नहर पुल पर हुए हादसे में बाइक सवार महिला की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई जबकि उसका पति बाल-बाल बच गया उसको मामूली चोटें आई हैं।
बताया जाता है कि ग्राम पंचायत नानपारा देहात के सद्दीक मड़ैया निवासी अयूब (52) जो फेरी से कपड़े बेचने का काम करता है। अपनी रिश्तेदारी में ग्राम जैसपुर नेपाल मंगनी में पत्नी फातिमा बानो (45) के साथ बाइक पर जा रहा था। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने हुए था। तभी उधर से नानपारा की ओर आ रही वोल्वो बस की ठोकर लग गई बाइक सवार महिला के बस के नीचे गिर जाने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। बस को नानपारा कोतवाली लाया गया है जबकि घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।