पुरैना (बहराइच)। गोंडा-बहराइच हाईवे पर व विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें एक बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी पहुंचाया गया है। जहां हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
खरिहा ककरा मोहम्मदपुर निवासी प्रेम नाथ (35) पुत्र केदारनाथ और कंछर निवासी हवलदार (45) पुत्र दलपत बाइक से कहीं जा रहे थे जैसे ही वह विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र से कुछ ही दूर पहुंचे ही थे कि एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सवारों को मौके पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने हवलदार को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रेम नाथ की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के भाई की एक महीने पहले बीमारी की वजह से मृत्यु हो गई थी। घर के लोगों की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। घर में पत्नी और मां के साथ रहते थे।