बहराइच/पयागपुर/मिहीपुरवा। सड़क हादसों में एक की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया है।
सुनगा गांव निवासी रामखबर (55) नेजाभार गांव में मकान बनाकर रह रहे थे। मंगलवार शाम करीब सात बजे खाना खाने के लिए वह अपने पुराने घर जा रहे थे। नेजाभार गांव के बाहर पयागपुर–इकौना मार्ग पर सामने से तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने उन्हें आनन-फानन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही रामखबर की मौत हो गई।
थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
उधर, श्रावस्ती जिले के थाना मल्हीपुर के ग्राम तिघरवा निवासी मिथिलेश सिंह अपने रिश्तेदारों के साथ सुजौली में एक अंतयेष्टि कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। एसयूवी में नवाबगंज के बेलवाभारी निवासी कृपाल सिंह व गीता सिंह, मोतीपुर के रतहिया गांव निवासी विजय सिंह, जूली सिंह, कार्तिक सिंह, सीमा सिंह और दो बच्चे सवार थे।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे बारिश के कारण सड़क किनारे बने गड्ढों से बचने के प्रयास में चालक ने पीछे से आ रहे वाहन को साइड देने की कोशिश की, तभी एसयूवी असंतुलित होकर गड्ढे में जा गिरी और पेड़ से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
उधर टेढ़िया गांव निवासी छोटे लाल यादव अपने परिजनों के साथ कार से लखनऊ गए थे। मंगलवार देर रात सभी अपने गांव लौट रहे थे। नानपारा-बहराइच मार्ग पर रामगांव इलाके में सोहरवा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार सभी पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला चालक वाहन समेत भाग गया। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कमल चंद्र यादव और केशव राम यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है।