श्रावस्ती। बभनी कुकुरभुकवा के मजरा बभनी गांव के निकट चिल्हरिया राजपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। घटना में एक बाइक सवार दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी सिरसिया लाया गया। जहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे को भिनगा रेफर कर दिया गया है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम बभनी निवासी मोहम्मद असलम (26) पुत्र रहमत उल्ला अपने भाई अयूब (22) के साथ नमाज पढ़ने के लिए बृहस्पतिवार शाम घोड़दौरिया गया था। जहां से दोनों भाई एक ही बाइक से वापस आ रहे थे। जैसे ही मोहम्मद असलम गांव के निकट पहुंचा, तभी गांव की तरफ मुड़ते समय सामने से ताल बघौड़ा से सिरसिया की ओर आ रही तेज रफ्तार बाइक से दोनों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। इसमें दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दूसरा बाइक सवार वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों भाइयों को सीएचसी सिरसिया पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद असलम को मृत घोषित कर दिया। जबकि अयूब की हालत में सुधार न होता देख उसका प्राथमिक उपचार कर उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
खुले में रखे ट्रांसफार्मर से फैला करंट, बालक झुलसा
गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला के ग्राम मोहम्दापुर में आबादी के निकट खुले में ट्रांसफार्मर रखा गया है। इसकी चपेट में आने से शुक्रवार गांव निवासी रामकुमार (10) पुत्र विक्रम झुलस गया। रामकुमार घर के बगल स्थित बाग में खेल रहा था। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने उसे गंभीर अवस्था में सीएचसी गिलौला पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि यहां ट्रांसफार्मर खुले में रखा गया है। इसके तार इधर-उधर फैले हुए हैं। इसकी चपेट में आने से पहले भी कई जानवरों की जान जा चुकी है। शिकायत के बाद भी ट्रांसफार्मर को सुरक्षित नहीं कराया जा रहा है।