एआरएम ने बसों में आइस बॉक्स रखकर किया योजना का उद्घाटन
- फोटो : अमर उजाला
परिवहन निगम ने लंबी दूरी की बसों पर परिवहन नीर की व्यवस्था प्रारंभ करा दी है। सोमवार को एआरएम ने बसों में आइस बॉक्स रखकर योजना का उद्घाटन करते हुए बसों को रवाना किया। शासन द्वारा भीषण गर्मी को देखते हुए मई माह के दूसरे सप्ताह में यात्रियों के लिए परिवहन नीर योजना का आरंभ किया था।
योजना को परिवहन राज्यमंत्री ने लखनऊ मुख्यालय से हरी झंडी दिखाई थी। मौजूदा समय जिला मुख्यालय स्थित रोउवेज बस अड्डा निर्माणाधीन अवस्था में हैं। इसके चलते बस अड्डे पर स्थान उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। जिससे शासन की यह योजना जिले में परवान नही चढ़ पा रही थी।
हालांकि रोडवेज प्रशासन ने बस अड्डे पर वैकल्पिक व्यवस्था कर सोमवार को योजना को अंतिम रूप देते हुए फिलहाल लंबी दूरी की बसो में परिवहन नीर का आइस बॉक्स रखकर बसों को संचालित करा दिया है। एआरएम अवधेश कुमार पाल ने बताया कि गर्मी को देखते हुए बस अड्डा परिसर के एक कक्ष में फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था बनाई गई है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को लखनऊ, कानपुर, हरीद्वार व दिल्ली की बसो में परिवहन नीर का आइस बॉक्स रखकर बसों को रवाना किया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के आरंभ में लंबी दूरी की बसों में ही व्यवस्था बनाई गई है।