बहराइच। प्रधानमंत्री कल्याण योजना के तहत जून माह तक वितरित होने वाले नि:शुल्क खाद्यान्न पाने से वंचित लाभार्थियों को अब जुलाई माह तक इस योजना का फायदा मिलेगा। जिले में वितरण के लिए नमक, रिफाइंड व चना आदि की उठान समय से राशन दुकानों को उपलब्ध न हो पाने के कारण ही राशन अनाज के वितरण का कार्य एक माह विलंब से चल रहा है। ऐसे में वंचित कार्डधारियों को मुफ्त अनाज मिलने से बड़ी राहत मिलेगी ।
कोराना काल के दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से प्रत्येक माह दो चरणों में नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण कराने की व्यवस्था बनाई थी। पहले यह व्यवस्था मार्च माह तक चलनी थी। बाद में प्रदेश में फिर से बनी योगी सरकार ने नि:शुल्क वितरित अनाज की व्यवस्था को तीन माह के लिए बढ़ा दिया था। लेकिन बीते दो माह से शासन की ओर से उपभोक्ताओं को मिलने वाला नमक, रिफाइंड व चना आदि की पर्याप्त उपलब्धता गोदाम में न होने के कारण मुफ्त अनाज का वितरण कार्य एक माह विलंब से चल रहा है। डीएसओ अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि जून माह तक संचालित होने वाली इस योजना का फायदा वंचित रह जाने वाले कार्डधारकों को जुलाई माह तक मिलने की उम्मीद है। साफ किया कि फिलहाल शासन स्तर से ऐसा कोई निर्देश अभी तक प्राप्त नही हुआ है।