फखरपुर (बहराइच)। सरकार द्वारा साइबर ठगी से बचाने के लिए लगातार आम जनता को जागरुक किया जा रहा है लेकिन सोमवार की रात साइबर ठगों ने बिना कॉल व ओटीपी के ही एक युवक के बैंक खाते से 45000 उड़ा दिए। ये वारदात चर्चा का विषय बना हुई है और लोगों में दहशत का माहौल है।
फखरपुर कस्बा निवासी मोहम्मद सारिक ने बताया कि सोमवार की रात वह परिवार के साथ बैठे थे। इसी दौरान उन्हें खाते से रुपये कटने का मैसेज आया। उनके खाते से 4499 रुपये काटे जाने का मैसेज आया था। सारिक कुछ समझ पाते इससे पहले ही दो मिनट के अंदर उनके अकाउंट से 10000 रुपये कटने का मैसेज आने लगा और चार बार में 40000 रुपये कट गए।
इस दौरान सारिक ने सूझबूझ दिखाते हुए इंडियन बैंक के इंडो स्मार्ट ऐप में लेनदेन को ब्लॉक कर दिया जिससे उनके खाते में बची शेष रकम सुरक्षित हुई। सारिक ने बताया कि उनके पास किसी भी प्रकार की कॉल नहीं आई थी। वहीं न कोई लिंक और न ही कोई ओटीपी आई थी। बावजूद इसके रुपये कटने से पूरा परिवार दहशत में है।
इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक सत्येंद्र ने कहा कि सारिक ने खाता ब्लॉक कर व 1930 पर कॉल कर सूचना दी, जो समझदारी का काम है। थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार राय ने बताया की साइबर क्राइम थाने की टीम लगी है। जल्द ठगों का पता लग जाएगा।