बहराइच। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के प्रत्याशियों की नाम वापसी व चुनाव चिह्न का आवंटन मंगलवार को किया गया।
जिला पंचायत सदस्य के 18 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 113 प्रत्याशियों ने नाम वापस लेकर चुनाव मैदान छोड़ दिया। अब दूसरे चरण में जिला पंचायत में 244 व बीडीसी में 2332 प्रत्याशियों के बीच चुनाव होगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी विद्याशंकर सिंह ने बताया कि दूसरे चरण के नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद मंगलवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हुई।
जिला पंचायत के 17 वार्डों के लिए कुल 262 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। इनमें से 18 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए। इसके बाद यहां कुल 244 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं।
उधर, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए फखरपुर में 35 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिए। यहां के आरओ एके सिंह ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह वार्ड नंबर 89 भदवानी से चुनाव लड़ रहे थे। इनका निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। अब यहां क्षेत्र पंचायत सदस्य के 739 प्रत्याशी बचे हैं।
हुजूरपुर के आरओ आरबी राम ने बताया कि यहां क्षेत्र पंचायत सदस्य के आठ प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो रहे हैं। यहां क्षेत्र पंचायत सदस्य के 32 प्रत्याशियों की नाम वापसी के बाद 410 प्रत्याशी मैदान में हैं।
कैसरगंज में 26 प्रत्याशियों की नाम वापसी के बाद 606 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। वहीं जरवल में बीस प्रत्याशियों की नाम वापसी के बाद 577 दावेदार मैदान में हैं।