सिद्धनाथ मंदिर में नववर्ष पर जलाभिषेक करते श्रद्धालुु। -संवाद
बहराइच। नए साल के पहले दिन बृहस्पतिवार को जिले भर में आस्था, उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। लोगों ने नए साल की शुरुआत मंदिरों में पूजन-अर्चन कर की। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए मंदिरों में बड़ी संख्या में उमड़ पड़े। कुछ युवक अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन के लिए रवाना हुए, जबकि कई लोग शहर के प्रमुख मंदिरों में माथा टेककर आशीर्वाद लेते नजर आए।
शहर के मरीमाता मंदिर, संघारण मंदिर, गुल्लाबीर मंदिर, बेरिया समय माता मंदिर, काली मंदिर और सिद्धनाथ मंदिर में सुबह से लेकर देर शाम तक भक्तों की भीड़ लगी रही। मंदिरों में घंटियों की आवाज और भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। लोगों ने भगवान से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पांडवकालीन सिद्धनाथ मंदिर में भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लग गई। नवविवाहित जोड़े खास तौर पर यहां पहुंचे और शिवलिंग पर जलाभिषेक कर नववर्ष की शुरुआत की। युवा वर्ग में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
देवेंद्र पांडेय ने बताया कि उन्होंने नववर्ष की शुरुआत मंदिर में जलाभिषेक कर की और चंदन का टीका भी लगाया। वहीं मुकुल मिश्रा ने कहा कि उन्होंने पहले माता-पिता का आशीर्वाद लिया, फिर मंदिर में जल चढ़ाया और जरूरतमंदों की मदद कर नए साल का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि उनके कुछ मित्र अयोध्या में दर्शन के लिए गए हैं, लेकिन माता-पिता की देखभाल के कारण वह नहीं जा सके।
रेस्टोरेंट में केक काटकर मनाया हैप्पी न्यू ईयर
नववर्ष के आगमन पर युवाओं और परिवारों ने रेस्टोरेंट में पहुंचकर केक काटकर जश्न मनाया। शहर के विभिन्न इलाकों में रेस्टोरेंट लाइट, बैलून और फूलों से सजे नजर आए। कई जगहों पर डीजे की धुन पर लोग डांस करते दिखे। रात 12 बजे केक काटकर लोगों ने एक-दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर कहकर बधाई दी।