रुपईडीहा (बहराइच)। कस्बे के सरस्वती विद्या मंदिर में बुद्धिजीवी वर्ग व भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि सांसद अक्षयवरलाल गोंड का स्वागत किया। बैठक में लोगों को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि नेपालगंज से नानपारा रेल लाइन के आमान परिवर्तन के लिए सरकार ने बजट पारित कर दिया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, कस्बेवासियों ने रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
रुपईडीहा के सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में बुद्धिजीवी वर्ग और भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। मुख्य अतिथि सांसद अक्षयवरलाल गोंड रहे। मुख्य अतिथि का स्वागत जिला कार्यकारिणी सदस्य रमेश कुमार अमलानी ने स्मृति चिन्ह व पशुपति नाथ की मूर्ति देकर किया। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सांसद का स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि नानपारा से नेपालगंज रेल लाइन को ब्राडगेज में परिवर्तित किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने बजट जारी कर दिया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा, जिससे लोग डेमू ट्रेन से यात्रा करेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार गरीबों के विकास के लिए काम कर रही है। बुद्धिजीवी वर्ग पर विशेष ध्यान देकर उनके लिए योजनाओं का अमलीजामा पहना रही है। डॉ. सनत कुमार शर्मा ने बताया कि रुपईडीहा में पहले पांच ट्रेनों का संचालन होता था, लेकिन अब सिर्फ तीन ट्रेनों का ही संचालन हो रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए। इस पर सांसद ने कहा कि जल्द ही रेल मंत्री से बात कर ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
सरस्वती विद्या मंदिर के लिए 20 कंप्यूटर व एक नवीन कमरे की मांग पदाधिकारियों ने की। जिला कार्यकारिणी सदस्य रमेश अमलानी ने कस्बे के विकास के लिए मांग पत्र सौंपा, जिसमें कस्बे को हाईवे से जोड़ने वाली मुख्य सड़क स्टेशन रोड, मालगोदाम रोड, जल निकासी के लिए नाले का निर्माण कर दोंदरा नाले से जोड़ने की मांग की। इस मौके पर रुपईडीहा मंडल अध्यक्ष अजय मिश्रा, डॉ. उमाशंकर वैश्य, कन्हैया वर्मा, गज्जू सोनी, कमल मदेशिया, मंगल सोनी, जगदीश कौशल, विजय सिंह, नरेंद्र सिंह, प्रह्लाद वर्मा, दिनेश अग्रवाल, देवेंद्र पाठक, ओमप्रकाश गुप्ता, शैलेंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे।