नवाबगंज में हाईवे के किनारे फैली गंदगी।
बाबागंज (बहराइच)। नानपारा से रूपईडीहा जाने वाले नेशनल हाईवे की दोनों पटरियां गंदगी की चपेट में हैं। वीरपुर से बाबागंज के बीच कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। वहीं, हाईवे के किनारे बने नालों की कई माह से सफाई न होने से नाला चोक हो गया है। नाले से निकल रहे दुर्गंध ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है।
नानपारा से सीमावर्ती रूपईडीहा तक जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग बदहाली के दौर से गुजर रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के जिम्मेदार टोल प्लाजा के माध्यम से वाहनों से प्रतिमाह लाखों की वसूली तो कर रहें है, लेकिन मार्ग की देखरेख के प्रति अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़े हुए हैं। हालात यह हैं कि उनकी उदासीनता से वीरपुर से बाबागंज के बीच कई स्थान कूड़े से पटे गए हैं। इसके अलावा मार्ग से जलनिकासी के लिए बनाया गया नाला भी सफाई के अभाव में चोक होने के कगार पर है।
नालों से निकल रही दुर्गंध राहगीरों को परेशान कर रही है। जिम्मेदार न तो मार्ग की पटरियों की साफ-सफाई में कोई दिलचस्पी ले रहें है और न ही नालों की ही सफाई कराने की कोई व्यवस्था बना रहें है। स्थानीय निवासी अनूप सिंह, अमित गुप्ता, राजकुमार, अंसार बाबू अंसारी आदि ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर साफ-सफाई कराने की मांग की है।
...............