नानपारा (बहराइच)। नगर क्षेत्र को एक करोड़ रुपये की लागत से संवारा जाएगा। यहां के मोहल्लों में जर्जर मार्ग, नाले और नालियों का निर्माण होगा। जिससे आवागमन तो बेहतर बनेगा ही। जलनिकासी की समस्या भी दूर हो सकेगी। लोगों को नगर में आवागमन पर कीचड़ और जलभराव का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रस्तावित कार्य योजना को शासन ने मंजूरी देेते हुए बजट अवमुक्त कर दिया है। इसके साथ ही नपाप प्रशासन टेंडर की कवायद में जुट गया है।
नानपारा नगर पालिका परिषद क्षेत्र में आधे से अधिक सड़कें जर्जर हालत में हैं। पुरानी बाजार, संगत टोला, घोसी टोला, घसियारनटोला और कायस्थ टोला क्षेत्र में तो जर्जर मार्गों से गुजरने पर हादसे का डर बना रहता है। इसके साथ ही तनिक सी बरसात में बदहाल नाली और नाले उफना जाते हैं। जिससे आवागमन दुरूह हो जाता है।
इस मामले में नगर क्षेत्र के लोगों ने कई बार आवाज उठाई। जिसके चलते नपाप प्रशासन ने डेढ़ माह पूर्व कार्य योजना तैयार कर शासन को भेजा था। लेकिन लोकसभा चुनाव के चलते कार्ययोजना को मंजूरी नहीं मिल सकी थी। अब शासन ने नगर पालिका परिषद में मार्ग, नाले व नाली दुरुस्तीकरण के लिए प्रस्ताव को मंजूरी देेते हुए बजट अवमुक्त कर दिया है।
नपाप के अधिशासी अधिकारी अशोक तिवारी ने बताया कि 14वें वित्त के मद से शासन ने बजट स्वीकृत किया है। बजट प्राप्त हो गया है। टेंडर की प्रक्रिया शुरू करने की कवायद चल रही है। कोशिश है कि अगस्त तक नगर क्षेत्र के जर्जर मार्गों, नाले व नालियों को दुरुस्त करवा दिया जाए।