नानपारा (बहराइच)। नानपारा विधानसभा सीट भाजपा के सहयोगी अपना दल एस को टिकट दिए जाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को नानपारा में हुई भाजपा की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के सामने गुस्साए कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा काटा। ऐसे में असंतुष्टों को मनाने पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों की टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
नानपारा विधानसभा सीट भाजपा गठबंधन के अपना दल एस के खाते में जाने से यहां के स्थानीय भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता नाराज चल रहे हैं। कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने के लिए बुधवार को नानपारा स्थित भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के कार्यालय पर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता श्यामकरन टेकड़ीवाल ने की। मुख्य अतिथि जिले के सांसद अक्षयवर लाल गोंड रहे। बैठक के दौरान नानपारा विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल, बूथ व सेक्टर अध्यक्षों समेत विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों ने एक स्वर में आवाज उठाते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के ही प्रत्याशी को सहयोग करेंगे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि सभी ने पूरे पांच साल ईमानदारी से मेहनत कर भाजपा की जमीन तैयार की है। यहां अपना दल एस का कोई जनाधार नहीं है। ऐसे में अपना दल एस के प्रत्याशी को उतारकर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है।
अगर समय रहते प्रत्याशी का बदलाव नहीं किया गया तो नानपारा की सीट विपक्षी पार्टी के पास चली जाएगी। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बात सुनने के बाद सांसद ने कहा कि नानपारा से गठबंधन प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने का निर्णय शीर्ष नेताओं की ओर से लिया गया है। उन्होंने सभी को अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया। मध्य प्रदेश से आए सह संगठन मंत्री हेतानंद ने कहा कि हम सभी का मुख्य लक्ष्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाना है। केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व ने अगर सहयोगी गठबंधन दल को सीट दी है तो सभी को स्वीकार करना चाहिए। बैठक में नानपारा विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी प्रशांत मिश्रा व भाजपा जिलाध्यक्ष टेकड़ीवाल ने भी कार्यकर्ताओं को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने बैठक में हंगामा काटते हुए वरिष्ठ नेताओं की बात को ठुकरा दिया। कार्यकर्ताओं की नाराजगी देखकर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों की टीम को बैरंग लौटना पड़ा। बैठक में कृपाराम वर्मा, जेपी सिंह, नन्हेलाल लोधी, रामस्वरूप अग्रवाल, अजय गुप्ता, रोहित चौरसिया, नागेंद्र प्रताप सिंह, रमेश अम्लानी, ओमप्रकाश गुप्ता आदि मौजूद रहे।