बहराइच में सांसद डॉ. आनंद गोंड को ज्ञापन सौंपते शिक्षक।
- फोटो : बहराइच में सांसद डॉ. आनंद गोंड को ज्ञापन सौंपते शिक्षक।
बहराइच। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ की मांग पर सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखकर शिक्षा अधिकार अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टेट से मुक्ति दिलाने की मांग की है।
सांसद ने उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के दिए गए पत्र के क्रम में शिक्षा मंत्री भारत सरकार को पत्र लिखकर यह आग्रह किया है। संगठन के जिलाध्यक्ष विद्या विलास पाठक ने बताया कि सांसद ने पत्र में कहा है कि प्रदेश में जिस समय से शिक्षा अधिकार अधिनियम लागू किया गया है उससे पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टेट की परीक्षा से मुक्त कराने का उपाय निकाला जाए।
उत्तर प्रदेश में यह नियम 27 जुलाई 2011 से लागू किया गया था, अर्थात 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त सभी शिक्षकों को टेट से मुक्ति मिलनी चाहिए।पत्र में सांसद ने कहा है कि देश में इससे लगभग 40 लाख लोग प्रभावित होंगे जबकि उत्तर प्रदेश में चार लाख से अधिक परिवार प्रभावित होंगे। ऐसे में शिक्षा अधिकार अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टेट की अनिवार्यता से मुक्त रखने का उपाय निकालने की केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मांग की है।