बहराइच मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन विभाग में लगी मरीज व तीमारदारों की भीड़।
- फोटो : बहराइच मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन विभाग में लगी मरीज व तीमारदारों की भीड़।
बहराइच। सर्दी के मौसम में अचानक बढ़ी ठंड और बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर साफ दिख रहा है। सोमवार को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़कर 1980 पहुंच गई, जो आम दिनों की तुलना में काफी अधिक है। इनमें सर्वाधिक मरीज सर्दी-जुकाम, पेट दर्द और हड्डी रोग से पीड़ित पाए गए।
सुबह से ही पर्चा काउंटर पर भारी भीड़ जुट गई थी। कई मरीजों ने आभा ऐप के जरिए ऑनलाइन पर्चा बनवाया, फिर भी लाइनें कम नहीं हुईं। सुबह 11 बजे तक ही 1300 मरीजों का रजिस्ट्रेशन हो चुका था, जबकि दिन के अंत तक यह आंकड़ा करीब 1980 तक पहुंच गया। सबसे ज्यादा भीड़ मेडिसिन और हड्डी रोग विभाग के बाहर देखने को मिली, जहां मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
रानीपुर के अमित अपने पिता हरिराम को पेट दर्द के इलाज के लिए लेकर आए थे। उनका कहना था कि डॉक्टर के कक्ष के बाहर इतनी भीड़ थी कि लंबे इंतजार के बाद भी वह उपचार नहीं करा सके। तेजवापुर से आए गुरुवचन ने बताया कि उनकी मां रामावती की जांच चिकित्सक ने लिखी, लेकिन पैथोलॉजी में दो घंटे से अधिक लाइन में खड़े रहने पर भी उनकी बारी नहीं आई।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएम डॉ. एमएमएम त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार को मरीज सामान्य दिनों से अधिक आते हैं। सभी मरीजों को उपचार और जरूरत के अनुसार जांच उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सर्दी जनित बीमारियों के मरीज इन दिनों तेजी से बढ़ रहे हैं।