सुनील सिंह व सुधा सिंह। (फाइल फोटो)
खैरीघाट। रामगांव क्षेत्र का धर्मकुंडा गांव बृहस्पतिवार को एक स्याह दिवस के रूप में याद किया जाएगा। यहां के एक परिवार के छह सदस्य कार से दिल्ली से घर लौट रहे थे। गोला क्षेत्र में सुबह लगभग सात बजे जलालपुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनूप कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में कार सवार सुनील सिंह, उनकी पत्नी सुधा सिंह, कार चला रहे संतोष सिंह तथा मुकेश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मानवी तथा प्रवेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की खबर जब गांव पहुंची तो परिवार के लोग बेसुध हो गए। गांव का हर कोई इस हृदय विदारक घटना को सुनकर सुनील के घर की ओर दौड़ पड़ा और परिवार के सदस्यों की दशा देखकर व्यथित हो गया।
संतोष की बहन की बृहस्पतिवार को ही तिलक जानी थी
ग्रामीणों के अनुसार हादसे में मौत का शिकार संतोष सिंह की बहन की बृहस्पतिवार को ही तिलक जानी थी। उसी की तैयारी में सभी कार से दिल्ली से गांव आ रहे थे। हादसे में मौत के शिकार मुकेश का भी विवाह अगले माह होना था। किसे मालूम था कि नियति को कुछ और ही मंजूर है। जिस घर में मांगलिक तैयारी थी, वहां अब करुणक्रंदन और सिसकियां हैं।
गैस कटर से निकाला गया संतोष सिंह का शव
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि कार के परखचे उड़ गए। कार चालक संतोष सिंह स्टेयरिंग और सीट के बीच इस कदर फंस गए थे कि उनका शव कार का एक हिस्सा गैस कटर से काटकर निकाला गया। हादसे में घायल मानवी और प्रवेश सिंह की भी हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।