बहराइच। नगर मुख्यालय से घरेलू सामान खरीदकर रिश्तेदार के घर जा रहे बाइक सवार युवक की बुधवार शाम मुर्गिहा गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की मदद से उसकी तलाश कर रही है।
चंदनपुर सिकड़िया गांव निवासी अरविंद (25) बुधवार शाम करीब पांच बजे बाइक से नगर मुख्यालय आए थे। सामान खरीदने के बाद वह रामगांव के गढ़वा नौतला गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। मुर्गिहा गांव के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने हेलमेट नहीं लगाया था।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। गांव के प्रशासक रामछबीले निषाद ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी रामगांव दिवाकर तिवारी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि चालक का पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।