बहराइच। लखनऊ-बहराइच राजमार्ग पर मंगलवार शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। बाइक सवार पिता-पुत्र हेलमेट नहीं लगाए थे।
फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर निवासी बेचेलाल गौतम (40) मंगलवार शाम अपने बेटे करण (20) के साथ नगर मुख्यालय से बाइक से घर लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे लखनऊ-बहराइच राजमार्ग पर मरौचा मोड़ और संत पथिक स्कूल के बीच अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस से दोनों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने बेचेलाल को मृत घोषित कर दिया।
एएसपी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि फखरपुर थाना प्रभारी रामकुमार राजभर मामले की जांच कर रहे हैं। वाहन चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।(संवाद)